नशे के खिलाफ राजस्थान पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन':: जयपुर में एएनटीएफ थाने और दो नई चौकियों का भव्य उद्घाटन
जयपुर (हलचल)। राजस्थान में नशे के सौदागरों और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार, 23 मार्च 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के विस्तार की कड़ी में जयपुर में 01 नए थाने और 02 नवसृजित चौकियों का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। इस गौरवशाली उपलब्धि के साथ ही अब पूरे राजस्थान में एएनटीएफ की 18 चौकियाँ और 01 विशेष थाना पूरी तरह क्रियाशील हो गए हैं।
नशे के समूल उन्मूलन का संकल्प
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ATS, AGTF एवं ANTF) दिनेश एमएन ने इन केंद्रों का उद्घाटन करते हुए बताया कि एएनटीएफ ने अपने गठन के मात्र छह महीनों के भीतर ही न केवल सुचारू कार्य शुरू किया है, बल्कि 170 से अधिक बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर तस्करी की दुनिया में खलबली मचा दी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के समूल विनाश के लिए दृढ़ संकल्प होकर कार्य करें।
तकनीकी उपकरणों और संसाधनों से लैस हुआ बल
महानिरीक्षक पुलिस (ANTF) विकास कुमार ने जानकारी दी कि नई चौकियों और थाने को आधुनिक भवन, फर्नीचर और तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।प्रत्येक नवीन चौकी और थाने को दो-दो मोटरसाइकिलें उपलब्ध करवाई गई हैं। शीघ्र ही इन केंद्रों को चौपहिया वाहन भी प्रदान किए जाएंगे। इन नए केंद्रों के खुलने के साथ ही अब राजस्थान के प्रत्येक संभाग में एएनटीएफ की प्रभावी उपस्थिति दर्ज हो गई है।
6 महीनों में 170 से ज्यादा बड़ी कार्रवाइयां
एएनटीएफ ने पिछले छह महीनों में सिंथेटिक नशा, एमडी की फैक्ट्रियों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल बड़े इनामी अपराधियों की धरपकड़ कर नए आयाम स्थापित किए हैं। आज के कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक अभिजीत, पुलिस अधीक्षक अमित जैन सहित एएनटीएफ के तमाम अधिकारी और कर्मचारी वर्चुअली जुड़े रहे। अब एएनटीएफ पूरे राज्य में आसूचना संकलन, धरपकड़ और नशामुक्ति कार्यक्रमों के लिए पूरी मजबूती से तैनात है।