खाकी पर फायरिंग:: 1.14 करोड़ का डोडाचूरा जब्त, पुलिस टीम पर 16 राउंड फायर
प्रतापगढ़ । राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस और तस्करों के बीच रोंगटे खड़े कर देने वाली मुठभेड़ सामने आई है। धरियावद थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 762 किलो 150 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: तस्करों ने दागी गोलियां
कार्रवाई के दौरान तस्करों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों ने पीछा कर रही डीएसटी टीम पर 15 से 16 राउंड फायर किए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे घबराकर तस्कर पिकअप को आरामपुरा के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पिस्टल दिखाकर तोड़ी नाकाबंदी, जीप को मारी टक्कर
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि डीएसटी इंचार्ज प्रतापसिंह को बांसी से धरियावद की ओर संदिग्ध पिकअप आने की सूचना मिली थी। पांचागुड़ा के पास जब टीम ने पिकअप को रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने पिस्टल तान दी और पुलिस की जीप को टक्कर मारते हुए उदयपुर की ओर वाहन भगा दिया। माइक से चेतावनी देने के बावजूद आरोपियों ने फायरिंग बंद नहीं की।
38 कट्टों में भरा था 'नशा'
तस्करों द्वारा छोड़े गए वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 38 कट्टों में भरा भारी मात्रा में डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ और लोडिंग पिकअप को जब्त कर लिया है। धरियावद थानाधिकारी हजारीलाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें अब जंगल में फरार तस्करों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।