एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई-: चाय की थड़ी की आड़ में नशाखोरी, एमडीएमए के साथ एक गिरफ्तार
भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की भीलवाड़ा चौकी ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने चाय की थड़ी की ओट में एमडीएमए बेच रहे एक संचालक को रंगे हाथों दबोचा है। आरोपित के कब्जे से छह ग्राम घातक मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद किया गया है। साथ ही नशा तस्करों के संभावित आधा दर्जन ठिकानों पर डॉग स्क्वायड की मदद से सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया।
एएनटीएफ की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुर रोड स्थित प्रतापनगर पुलिस चौकी के नजदीक जलदाय विभाग की दीवार के पास एक चाय की थड़ी पर मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है। इस पर एएनटीएफ की टीम ने प्रताप नगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए लेबर कॉलोनी निवासी पूरण (45) पुत्र नारायण भांबी की थड़ी पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से छह ग्राम एमडीएमए मिली, जिस पर पुलिस ने पूरण को गिरफ्तार कर लिया।
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ जिले में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत चौकी प्रभारी अयुब खां के नेतृत्व में टीम ने डॉग स्क्वायड 'प्रिंस' के सहयोग से कावांखेड़ा कच्ची बस्ती, मोहम्मदी कॉलोनी और हाईवे के ढाबों सहित कई स्थानों पर सर्च की। हालांकि, इन स्थानों पर टीम को कोई और संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपित पूरण से नशे की सप्लाई चेन और खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।
ये थे कार्रवाई में शामिल
एनटीएफ चौकी प्रभारी अयूब मोहम्मद, राजाराम कांस्टेबल, नारायणराम और राधे लाल इस कार्रवाई में शामिल थे।