हाईवे पर भीषण भिड़ंत: दो ट्रकों में लगी आग, तीन लोग जिंदा जले, एक गंभीर
बांदा/महोबा UP.महोबा-बांदा नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्रकों में फंसे तीन लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसा कस्बा थाना क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर मुंडेरी मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कबरई से गिट्टी भरकर बांदा जा रहे एक ट्रक और बांदा से महोबा की ओर आ रहे खाली ट्रक में ओवरटेकिंग के प्रयास में सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों ट्रक आग का गोला बन गए। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक सवार सुरेश पांडे (55 वर्ष), सूरज नाथ उर्फ साधु और सनी की आग में झुलसने से मौत हो चुकी थी।
हादसे में गिट्टी भरे ट्रक का क्लीनर अभिषेक यादव (23 वर्ष) निवासी सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।