रायला पुलिस की कार्रवाई:: स्वीफ्ट कार से 50 किलो डोडा पोस्त बरामद, डीडवाना-कुचामन के दो तस्कर गिरफ्तार

Update: 2026-03-26 07:23 GMT

 भीलवाड़ा BHN। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह  द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायला थाना पुलिस ने निरंतर चौथी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्वीफ्ट कार से 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) राजेश आर्य और वृत्ताधिकारी (गुलाबपुरा) जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने भीलवाड़ा-गुलाबपुरा रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक ग्रे रंग की स्वीफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार में सवार बिंचावा थाना खुनखुना जिला डिडवाना कुचामन  निवासी देवाराम पुत्र बुद्वाराम जाट (22) और भण्डारी थाना खुनखुना निवासी प्रीतमपुरी पुत्र ओमपुरी गोस्वामी (26), दोनों थाना खुनखुना जिला डीडवाना-कुचामन से पूछताछ की गई।

तलाशी के दौरान कार की सीटों के पीछे और डिग्गी में रखे कट्टों से कुल 50 किलो 350 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ सहित तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। थाना रायला में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसका अग्रिम अनुसंधान मांडल थानाधिकारी (प्रशिक्षु IPS) आयुष श्रोत्रिय द्वारा किया जा रहा है। आरोपियों से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस टीम: कार्रवाई में थानाधिकारी मूलचंद वर्मा, कांस्टेबल श्यामसुन्दर, राजेश, विक्रम और बनवारी लाल की मुख्य भूमिका रही।

Similar News