जहाजपुर में खाकी का खौफ खत्म!: दिनदहाड़े भाजपा नेता के घर पर चोरों का धावा, नकदी और जेवरात पार
भीलवाड़ा BHN. जहाजपुर कस्बे में कानून व्यवस्था के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों के निशाने पर कोई आम घर नहीं, बल्कि भाजपा नेता और पूर्व पालिका उपाध्यक्ष भेरूलाल टांक का निवास रहा। जब भाजपा नेता अपनी पत्नी के साथ मंदिर में शीश झुकाने गए थे, ठीक उसी वक्त बेखौफ बदमाशों ने उनके सूने घर में तांडव मचाया।
महज 3 घंटे में साफ कर दिया घर
संतोषनगर निवासी भेरूलाल टांक गुरुवार सुबह 11 बजे पत्नी के साथ पूजा-अर्चना के लिए मंदिर निकले थे। दोपहर 2 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारियां बेदर्दी से अंट लगाकर खोल दी गई थीं। चोरों ने महज 3 घंटे के अंतराल में घर से 5 हजार रुपये की नकदी, चांदी के 20 सिक्के, चांदी की पायजेब, सोने का मंगलसूत्र, आधा तोला सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की झुमकी और तीन तोला सोने की रखड़ी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस की सुस्ती और जनता में दहशत
वारदात की सूचना मिलते ही जहाजपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। लेकिन स्थानीय लोगों का आक्रोश पुलिस की कार्यप्रणाली पर फूट पड़ा है। कस्बे के बाशिंदों का कहना है कि जहाजपुर में अब चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। आए दिन मंदिर, आश्रम और सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाने के बाद अब चोरों ने रिहायशी इलाकों में दिनदहाड़े घुसना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही वारदातों से कस्बे में दहशत का माहौल है और पुलिस केवल लकीर पीटती नजर आ रही है।