प्रधानमंत्री मोदी कल मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे उच्चस्तरीय बैठक; ईरान युद्ध के हालातों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल, 27 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक का मुख्य एजेंडा ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक परिस्थितियों और भारत पर उनके संभावित प्रभावों की समीक्षा करना है। विशेष बात यह है कि वर्तमान में जिन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया जारी है, वे इस बैठक का हिस्सा नहीं होंगे।
प्रधानमंत्री ने इससे पूर्व 24 मार्च को राज्यसभा में देश को संबोधित करते हुए आगाह किया था कि यदि ईरान युद्ध लंबा खिंचता है, तो इसके गंभीर दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने आने वाले समय की तुलना 'कोरोनाकाल' से करते हुए कहा कि यह देश की सबसे बड़ी परीक्षा का समय होगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
ईंधन की कमी की खबरें महज अफवाह, सरकार ने किया खंडन
देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (रसोई गैस) की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। मंत्रालय के अनुसार, भारत के पास वर्तमान में 60 दिनों का कच्चा तेल और ऑयल रिजर्व सुरक्षित है, जो किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त है।
सरकार ने इन खबरों को 'भ्रामक और सुनियोजित प्रोपेगैंडा' करार दिया है, जिसका उद्देश्य बाजार में 'पैनिक बाइंग' (घबराहट में खरीदारी) पैदा करना है। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ईंधन की कमी की झूठी अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि वे ऐसी अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें।