मखन प्लाजा के बाहर जानलेवा हमला:: दो आरोपित गिरफ्तार, सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर हुआ था विवाद

Update: 2026-04-10 14:26 GMT

 भीलवाड़ा। भीमगंज थाना इलाके में स्थित मखन प्लाजा होटल के बाहर पिछले दिनों तीन दोस्तों पर हुए जानलेवा हमले और कार में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हमला सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाने की रंजिश को लेकर किया गया था।

खाना खाकर निकलते ही किया हमला

भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक ओ.पी. नायक ने बताया कि 2 अप्रैल की रात सुठेपा निवासी पवन पुत्र ओमप्रकाश जैसावत अपने दोस्त अमन और सद्दीक के साथ मखन प्लाजा पर खाना खाने गए थे। खाना खाकर जैसे ही तीनों दोस्त अपनी कार में बैठे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार के शीशे तोड़ दिए और तीनों दोस्तों को घायल कर मौके से फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दो आरोपित गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पवन की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यशराज उर्फ सूरज जाट 20 निवासी जूनावास  और शंकर लाल जाट  20, निवासी हलेड़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हमले में शामिल दो अन्य फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।

सोशल मीडिया स्टेटस बना हमले की वजह

जांच अधिकारी ने बताया कि पवन और आरोपित पक्ष के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। हाल ही में पवन ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस लगाया था, जिससे आरोपित पक्ष नाराज हो गया। इसी रंजिश के चलते होटल के बाहर योजनाबद्ध तरीके से इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया गया।

Similar News