हनीट्रैप रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली से बुलाई युवतियों के जरिए अमीर युवाओं से उगाही, 10 गिरफ्तार
मुंबई | देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में ऑनलाइन डेटिंग ऐप 'टिंडर' (Tinder) के जरिए चल रहे एक सनसनीखेज हनीट्रैप और अवैध वसूली रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। मुंबई पुलिस ने साकीनाका इलाके के एक कैफे पर छापेमारी कर इस गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विशेष रूप से दिल्ली से बुलाई गई तीन युवतियां भी शामिल हैं। यह गिरोह बड़े घर के युवाओं को प्यार के जाल में फंसाकर उनसे लाखों रुपये की ठगी कर रहा था।
कैफे मालिक ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरे गोरखधंधे का मास्टरमाइंड घाटकोपर स्थित 'कैफे क्लब' का मालिक ही था। गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी; आरोपी युवतियां टिंडर पर अमीर युवकों की प्रोफाइल को निशाना बनाकर उनसे दोस्ती करती थीं। भरोसा जीतने के बाद उन्हें मिलने के बहाने घाटकोपर-साकीनाका लिंक रोड स्थित इसी कैफे में बुलाया जाता था।
दिल्ली से मंगवाई जाती थीं लड़कियां
जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क को चलाने के लिए दिल्ली से लड़कियों को अनुबंध पर लाया गया था। पुलिस को संदेह है कि इस सिंडिकेट से करीब 25 से 30 अन्य लड़कियां भी जुड़ी हुई हैं, जो अलग-अलग डेटिंग ऐप्स के जरिए शिकार तलाशने का काम करती थीं। पवई और साकीनाका पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
हजारों का बिल और बाउंसर्स का डर
जैसे ही कोई युवक कैफे पहुंचता, वहां मौजूद युवतियां जानबूझकर महंगे खाने-पीने का ऑर्डर देती थीं। मामूली नाश्ते और ड्रिंक्स का बिल भी 25 हजार से 50 हजार रुपये तक बना दिया जाता था। यदि युवक इतना भारी-भरकम बिल चुकाने से मना करता या विरोध करता, तो वहां तैनात बाउंसर उसे डराते-धमकाते और मारपीट पर उतारू हो जाते थे। पुलिस ने जाल बिछाकर इस गिरोह को रंगे हाथ पकड़ा है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।