शर्मनाक: जिंदगी बचाने वाले अस्पताल ही बन गए काल,: SCB मेडिकल कॉलेज में भीषण अग्निकांड, 10 की मौत

Update: 2026-03-16 02:31 GMT


कटक। ओडिशा के कटक स्थित प्रतिष्ठित SCB मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से सोमवार तड़के रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में सुबह करीब 3 बजे भड़की भीषण आग ने 10 मरीजों की जिंदगी लील ली। जब लोग गहरी नींद में थे, तब अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित इमरजेंसी वार्ड आग के गोले और काले धुएं के गुबार में तब्दील हो गया। इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।


दम घुटने से तड़प-तड़प कर मरे मरीज, मची चीख-पुकार

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में से कुछ ने ICU के भीतर ही दम घुटने के कारण दम तोड़ दिया, वहीं कुछ की मौत अफरा-तफरी में शिफ्टिंग के दौरान हुई। आग लगते ही वार्ड में भर्ती गंभीर मरीजों के बीच चीख-पुकार मच गई। धुएं का गुबार इतना घना था कि सांस लेना दूभर हो गया। फिलहाल 5 मरीजों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जो मौत से जंग लड़ रहे हैं। बचाव कार्य के दौरान अस्पताल स्टाफ को भी चोटें आई हैं।

सिस्टम की नाकामी: मौत के बाद जागा प्रशासन

आग की सूचना पर अस्पताल के फायर डिपार्टमेंट और बाहरी तीन फायर टेंडरों ने मोर्चा संभाला, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। क्रिटिकल मरीजों को आनन-फानन में न्यू मेडिसिन ICU में शिफ्ट किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चारण माझी, कटक कलेक्टर और DCP ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजे का मरहम लगाने की कोशिश की है, लेकिन सवाल वही है कि क्या चंद रुपयों से उन मासूम जिंदगियों की भरपाई हो पाएगी जो सिस्टम की लापरवाही की भेंट चढ़ गईं?

सुरक्षा मानकों पर उठे गंभीर सवाल

SCB जैसे राज्य के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज में इस तरह की त्रासदी सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। क्या अस्पताल में फायर ऑडिट नियमित रूप से हो रहा था? क्या अग्निशमन उपकरण काम कर रहे थे? प्रशासन ने जांच के आदेश तो दे दिए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों में इस घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455


Similar News