इतिहास रचने की तैयारी:: राजस्थान बोर्ड कल जारी करेगा 10वीं, 8वीं और 5वीं का रिजल्ट; पहली बार मार्च में ही आएगा परीक्षा परिणाम
जयपुर/अजमेर । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) इस साल एक नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रहा है। प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म करते हुए बोर्ड कल, 24 मार्च को दोपहर 1 बजे कक्षा 10वीं, 8वीं और 5वीं का परीक्षा परिणाम एक साथ घोषित करेगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को इस ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी दी।
पहली बार मार्च में परिणाम, टूटेगा सालों का रिकॉर्ड
आमतौर पर मई या जून महीने में आने वाले नतीजे इस बार मार्च में ही जारी किए जा रहे हैं। बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौर के अनुसार, 10वीं कक्षा का परिणाम कल दोपहर 1 बजे जारी होगा, जबकि 12वीं कक्षा का परिणाम 31 मार्च को घोषित किया जाएगा। राज्य सरकार के 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश के चलते बोर्ड ने इस बार युद्ध स्तर पर कार्य कर रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की है।
मात्र 20 दिनों में जांची गई 64 लाख कॉपियां
इस वर्ष 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 10,68,078 विद्यार्थी शामिल हुए थे। परीक्षाओं के बाद मात्र 20 दिनों के भीतर 30,915 परीक्षकों ने 64,08,468 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर एक मिसाल पेश की है। औसतन प्रतिदिन सवा तीन लाख से अधिक कॉपियों की जांच की गई, ताकि समय पर परिणाम तैयार किया जा सके।
नया सत्र, नई उमंग
शिक्षा विभाग की मंशा है कि छात्रों को अगली कक्षा की पढ़ाई शुरू करने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। परिणाम घोषित होने के साथ ही छात्र अगली कक्षा में प्रवेश ले सकेंगे। कल जारी होने वाले नतीजों को छात्र राजस्थान बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।