भीलवाड़ा में शिव पुराण की बयार: पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में उमड़ा जनसैलाब, 11 बजे ही कतारों में लगे भक्त
भीलवाड़ा हलचल| आजाद नगर स्थित मेडिसिटी मैदान पर चल रही विख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा को लेकर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। रविवार को आलम यह रहा कि कथा प्रारंभ होने से काफी पहले, सुबह 11:00 बजे ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबू गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस भव्य आयोजन से पूरा भीलवाड़ा शहर 'शिवमय' हो गया है। रविवार की छुट्टी होने के कारण न केवल स्थानीय निवासी, बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भीलवाड़ा पहुंच रहे हैं। भक्तों की भारी आवक को देखते हुए पंडाल की क्षमता भी कम पड़ती नजर आ रही है।
**व्यवस्था में जुटे सेवादार, बढ़ाया गया पंडाल**
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बीती रात ही एक लाख स्क्वायर फीट का अतिरिक्त पंडाल तैयार किया गया था, लेकिन रविवार सुबह की स्थिति देखकर आयोजकों का अनुमान है कि अगले दो दिनों में यह जगह भी कम पड़ जाएगी। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया, बद्रीलाल सोमानी, गजानंद बजाज सहित अन्य पदाधिकारी और स्वयंसेवक मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।
शहर के प्रवेश मार्गों से लेकर कथा स्थल तक चारों ओर शिव भक्तों की रेलमपेल दिखाई दे रही है। प्रशासन और आयोजन समिति भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास कर रही है ताकि दूर-दराज से आए भक्तों को कथा श्रवण में असुविधा न हो।
**भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:**
**समाचार:** प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
**विज्ञापन:** विजय गढवाल 6377364129
**संपर्क कार्यालय:** भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
