भीलवाड़ा में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई-: चित्तौडग़ढ़ का तस्कर 2 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार
भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ)की भीलवाड़ा चौकी की मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी के तहत टीम ने मांडल थाना क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.058 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
बस के इंतजार में था तस्कर
एएनटीएफ की भीलवाड़ा टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि मांडल चौराहे पर गुलाबपुरा की तरफ जाने वाली सर्विस रोड पर एक व्यक्ति बस के इंतजार में खड़ा है। वह जयपुर जाकर अफीम की सप्लाई करने की फिराक में था। सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस को साथ लिया और मांडल चौराहे पर घेराबंदी की। मुखबिर के बताए हुलिये के आधार पर टीम ने संदिग्ध को डिटेन किया, जिसकी तलाशी लेने पर अवैध अफीम बरामद हुई।
आरोपी चित्तौडग़ढ़ का, जयपुर में करनी थी सप्लाई
पुलिस ने इस मामले में मुकेश कुमार ढोली (25) पुत्र दुर्गालाल ढोली को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से चित्तौडग़ढ़ जिले के साडास थाना क्षेत्र के तुम्बडिया गांव का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि वह चित्तौडग़ढ़ से अफीम लेकर जयपुर में किसी बड़ी पार्टी को सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन एएनटीएफ ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
एएनटीएफ की सक्रियता से तस्करों में खौफ
महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जब्त की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब आरोपी से यह उगलवाने का प्रयास कर रही है कि वह यह खेप कहां से लाया था और जयपुर में किसे सप्लाई करने वाला था।
ये थे कार्रवाई में शामिल
एनटीएफ चौकी प्रभारी अयूब मोहम्मद, राजाराम कांस्टेबल, नारायणराम और राधे लाल इस कार्रवाई में शामिल थे।
