जोधपुर में आईएसआईएस (ISIS) नेटवर्क का बड़ा खुलासा:: 12वीं पास युवक निकला आतंकी ग्रुप का एडमिन; आंध्रप्रदेश पुलिस ने किया गिरफ्तार
जोधपुर । राजस्थान के जोधपुर शहर में आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के पैर पसारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आंध्रप्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जोधपुर के एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने और आतंकी नेटवर्क से जुड़ने का आरोपी है। पकड़े गए युवक के मोबाइल से देश विरोधी चैट और कई अहम जानकारियां बरामद हुई हैं।
विजयवाड़ा से जुड़े तार, जोधपुर में दबिश
जानकारी के अनुसार, विजयवाड़ा पुलिस ने हाल ही में आईएसआईएस की विचारधारा से जुड़े एक संदिग्ध को पकड़ा था। पूछताछ में जोधपुर के नई सड़क क्षेत्र निवासी जिशान (19) का नाम सामने आया। इसके बाद विजयवाड़ा पुलिस की विशेष टीम गोपनीय तरीके से जोधपुर पहुंची और स्थानीय सदर बाजार थाना पुलिस के सहयोग से देर रात जिशान को उसके घर के बाहर से दबोच लिया। आरोपी को बुधवार रात ट्रेन के जरिए आंध्रप्रदेश ले जाया गया है।
आम नागरिक की आड़ में 'कट्टरपंथ' का खेल
आरोपी जिशान केवल 12वीं तक पढ़ा-लिखा है और नई सड़क स्थित सनसिटी मार्केट के बाहर चश्मे और बेल्ट बेचने की लॉरी लगाता था। सामान्य जीवन जीने वाले इस युवक की असलियत जांच में तब खुली जब पता चला कि वह ‘बीईएनएक्स’ नाम के एक ऑनलाइन ग्रुप का एडमिन था। जांच में यह भी सामने आया कि वह पूर्व में प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) से भी प्रभावित था।
हैंडलर की ली थी परीक्षा, फिर बनाया एडमिन
खुफिया एजेंसियों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिशान को संचालित करने वाले विदेशी हैंडलर ने पहले उसकी 'कट्टरता' की परीक्षा ली थी। इस परीक्षा में सफल होने के बाद उसे ग्रुप का एडमिन बनाया गया। इसके बाद जिशान अन्य युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने के लिए वीडियो, मैसेज और वॉइस नोट साझा करने लगा था।
डिलीट डेटा को पुलिस ने किया रिकवर
जिशान ने पकड़े जाने के डर से अपने मोबाइल से देश विरोधी कंटेंट और वीडियो डिलीट कर दिए थे, लेकिन आंध्रप्रदेश पुलिस ने तकनीकी विशेषज्ञता से सारा डेटा रिकवर कर लिया है। इस घटना के बाद राजस्थान की इंटेलिजेंस एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जोधपुर या प्रदेश के अन्य हिस्सों में उसके संपर्क में और कौन-कौन से युवा थे।
