भीलवाड़ा में अजमेर रेंज की 27वीं पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबले संपन्न

Update: 2026-03-29 17:29 GMT

भीलवाड़ा। राजस्थान पुलिस की अजमेर रेंज स्तरीय 27वीं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 28 मार्च से 30 मार्च 2026 तक रिजर्व पुलिस लाइन, भीलवाड़ा में किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न जिलों के पुलिस जवान उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, जूडो/कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हैंडबॉल, कबड्डी, फुटबॉल एवं हॉकी सहित कुल 9 खेलों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिताएं रिजर्व पुलिस लाइन तथा सुषीला देवी माथुर कन्या महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित हो रही हैं।

 परिणाम -

बास्केटबॉल (पुरुष व महिला) में भीलवाड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नागौर उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में भीलवाड़ा की टीम पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में विजेता रही। हॉकी में अजमेर प्रथम और टोंक द्वितीय स्थान पर रहा।

हैंडबॉल में भीलवाड़ा ने पुरुष व महिला दोनों वर्गों में बाजी मारी, जबकि नागौर एवं अजमेर उपविजेता रहे। फुटबॉल में भीलवाड़ा विजेता और अजमेर उपविजेता रहा। कबड्डी में पुरुष वर्ग में अजमेर और महिला वर्ग में नागौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में नागौर, भीलवाड़ा, टोंक एवं पीटीएस सिलौरा के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। विभिन्न स्पर्धाओं जैसे 1500 मीटर, 800 मीटर, लंबी कूद, गोला फेंक एवं त्रिकूद में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।

जूडो एवं भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिसमें भीलवाड़ा, टोंक, अजमेर एवं नागौर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किए।

शूटिंग प्रतियोगिताओं में आरपीटीसी किशनगढ़ को रिवॉल्वर/पिस्टल वर्ग में बेस्ट शूटर का खिताब मिला, जबकि कार्बाइन/एमपी-5 में अजमेर अव्वल रहा। विभिन्न शील्ड प्रतियोगिताओं में भी अजमेर का दबदबा रहा और उसने राइफल, पिस्टल/रिवॉल्वर तथा कार्बाइन शील्ड अपने नाम की।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले गए। यह आयोजन पुलिस जवानों के शारीरिक व मानसिक सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ आपसी समन्वय और टीम भावना को भी मजबूत करने में सहायक साबित हो रहा है।

Similar News