एएनटीएफ की सूचना पर कार्रवाई-: मिनी ट्रक से 42 किलो डोडा-चूरा, पिस्टल व आठ कारतूस बरामद, चालक-परिचालक गिरफ्तार

Update: 2026-02-10 07:44 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने एक मिनी ट्रक में तस्करी कर ले जाया जा रहा 42 किलो 160 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया है। साथ ही एक देसी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और मिनी ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर चालक-खलासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पकड़े गये तस्करों से डोडा-चूरा और पिस्टल की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।

सदर थाना सूत्रों के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के आदेश से जिले में मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फॉर्स भीलवाड़ा चौकी के इंचार्ज अयुब मोहम्मद व कांस्टेबल राजाराम ने जौधड़ास-चौराहा और सरस डेयरी के बीच संदेह के आधार पर मिनी ट्रक को रोका। यह ट्रक चित्तौडग़ढ़ से अजमेर की ओर जा रहा था।

ट्रक में चालक व परिचालक सवार थे। ट्रक में मादक पदार्थ होने की आशंका के चलते अयुब मोहम्मद ने सदर थाना प्रभारी गजेंद्रसिंह राठौड़ को सूचना दी। इस पर थाना प्रभारी राठौड़, कांस्टेबल कमल किशोर व राजूराम आदि के साथ मौके पर पहुंचे।

थाना प्रभारी ने ट्रक के चालक से पूछताछ की तो उसने खुद को जौधपुर के गंगाणी, थाना करवड़ हाल एकता नगर, नांदड़ी थाना बनाड़ निवासी महिपाल 23 पुत्र भागीरथ चौधरी, जबकि परिचालक ने खुद को गुढ़ाविश्नौईयान, थाना विवेकनगर, जौधपुर निवासी राजकुमार 35 पुत्र सुमेरराम विश्नोई बताया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो वे डर गये और उन्होंने ट्रक में डोडा-चूरा होने की बात कही। इस पर पुलिस ने मिनी ट्र्रक की जांच शुरु की तो तिरपाल से ढंके ट्रक में मेट पॉलिस्टर फिल्मस के रोल भरे मिले। गहनता से जांच करने पर टूल बॉक्स में दो कट्टे, जबकि एक कट्टा ट्रक के केबीन में मिला। पुलिस ने तीनों कट्टे कब्जे में लेते हुये ट्रक की बारिकी से जांच जारी रखी। इस पर ट्रक के केबीन में एक देसी पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने डोडा-चूरा का वजन करवाया, जो 42 किलो 160 ग्राम पाया गया। पुलिस ने ट्रक के साथ ही पिस्टल और डोडा-चूरा जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। प्रारंभिकतौर पर यह डोडा-चूरा जौधपुर ले जाने की बात सामने आई है। हालांकि गहन पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो पायेगी। 

Similar News

कंटेनर ने मारी टक्कर, पुलिस जीप पलटी: एएसआई व तीन कांस्टेबल घायल, मंत्री की गाड़ी की कर रहे थे एस्कॉर्ट