भीलवाड़ा में चोरों का आतंक, रेडीमेड गारमेंट शॉप से 45 हजार के कपड़े चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
भीलवाड़ा BHN.शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताज़ा मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र के पांसल चौराहे के पास स्थित एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान से सामने आया है, जहाँ अज्ञात चोरों ने रात के समय दुकान का पिछला शटर खोलकर हजारों रुपए के कपड़े चोरी कर लिए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सुबह पड़ोसी के फोन से हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्कृति विहार, पांसल रोड निवासी किशन सिंह राठौड़ की बी एंड डी फैशन नामक रेडीमेड गारमेंट की दुकान स्थित है। रोज़ की तरह 7 फरवरी की रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे।
8 फरवरी की सुबह पड़ोसी के फोन पर सूचना मिली कि दुकान का पिछला शटर खुला पड़ा है।दुकान में बिखरा सामान, कपड़े गायब
मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर का नज़ारा चौंकाने वाला था। दुकान में रखे रेडीमेड पेंट, जींस, शर्ट सहित अन्य कपड़े गायब मिले। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी हुए माल की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है। चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग
पीड़ित दुकानदार ने गांधी नगर थाना अधिकारी को लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई और माल की बरामदगी की मांग की है।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
