गेहूं की ओट में अफीम की खेती का खुलासा:: पुलिस की दबिश, 5 हजार से ज्यादा पौधे बरामद

Update: 2026-03-21 07:47 GMT

 भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। जिले में 'काले सोने' यानी अफीम की अवैध खेती का जाल फैलता जा रहा है। ताजा मामला पारोली थाना क्षेत्र के सरां का खेड़ा इलाके से सामने आया है, जहां एक किसान ने गेहूं की फसल की आड़ में अफीम की अवैध खेती कर रखी थी। पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए खेत पर दबिश दी और भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध नशे के कारोबारियों में हडक़ंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, पारोली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरां का खेड़ा में एक खेत में गेहूं की फसल के बीच छिपकर अफीम उगाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की घेराबंदी की। सघन तलाशी के दौरान गेहूं की ऊंची आड़ में अफीम के लहलहाते पौधे मिले।

80 किलो वजनी 5,595 पौधे जब्त

पुलिस ने मौके पर मौजूद मजदूरों की सहायता से अफीम के सभी पौधों को कटवाया और उनका वजन करवाया। बरामद किए गए 5 हजार 595 पौधों का कुल वजन 80 किलो पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पौधों को जब्त कर लिया है।

आरोपी की तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर खेती की जा रही थी, वह सामलाती (साझा) जमीन है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती के पीछे मुख्य रूप से कौन सा किसान या गिरोह सक्रिय है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी के साथ दीवान हरीराज,मनीष टांक, शिवराज, सुनील, शैतान, मनोज व शिवपाल अािद शामिल थे। 

Similar News

फूलियाकलां पुलिस की मुस्तैदी:: प्लास्टिक कट्टे में डोडा-चूरा ले जाता बुजुर्ग गिरफ्तार