आसींद में ईद-उल-फितर के चांद का दीदार: कल ईदगाह में अदा की जाएगी नमाज, मुस्लिम समाज में हर्ष की लहर
भीलवाड़ा /आसींद (मंजूर)। मजहब-ए-इस्लाम के मुकद्दस महीने रमजान के मुकम्मल होने के बाद शुक्रवार शाम को आसींद के आसमान में ईदुल फितर के मुबारक चांद का दीदार हो गया। चांद नजर आते ही मुस्लिम भाइयों के चेहरे खिल उठे और एक-दूसरे को मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरे कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई है।
कल ईदगाह में गूंजेगी अमन की दुआ
चांद की तस्दीक होने के साथ ही यह साफ हो गया है कि शनिवार को ईदुल फितर का त्यौहार अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। कस्बे के मुख्य ईदगाह में कल सुबह ईद की विशेष नमाज अदा की जाएगी। शहर काजी द्वारा नमाज संपन्न करवाई जाएगी, जहां हजारों की संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी खुदा की बारगाह में सिर झुकाएंगे और मुल्क में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगेंगे।
बाजारों में बढ़ी रौनक, प्रशासन मुस्तैद
चांद के दीदार के बाद बाजारों में रौनक बनी रही। लोग ईद की खरीदारी और सेवइयों के इंतजाम में जुटे दिखे। वहीं, ईद के त्यौहार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद है। नमाज के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि अकीदतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।