ठगों का खेड़ा में वारदात- बाड़े में घुसकर महिला से बदसलूकी, पति पर किया जानलेवा हमला

Update: 2026-03-20 11:31 GMT

 भीलवाड़ा। पुर थाना क्षेत्र के ठगों का खेड़ा में शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों ने एक महिला के साथ अभद्रता की और बीच-बचाव करने आए उसके पति के सिर पर धारदार हथियारों से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में घायल को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बाड़े में घुसकर की बदतमीजी, विरोध पर बुलाया लोगों को

पीडि़ता आशा देवी पत्नी मदन लाल गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे जब वह अपने बाड़े में गोबर डालने गई थी, तब वहां पहले से मौजूद छोटू और शंकर गुर्जर ने उसके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी शुरू कर दी। जब पीडि़ता ने अपने पति मदन लाल को फोन कर मौके पर बुलाया, तो आरोपी और ज्यादा उग्र हो गए। देखते ही देखते अन्य 8-10 अन्य लोगों को हथियार लेकर मौके पर बुला लिया गया।

सरिया और पाइप से वार 

आरोप है कि आरोपित स्त्री-पुरुषों ने पाइप, सरिया और धारदार हथियारों से परिवादिया और उसके पति पर हमला बोल दिया। हमले में मदन लाल का सिर फट गया और वे जमीन पर गिर पड़े। पीडि़ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, बाल पकडकऱ नीचे गिराते हुए अभद्रता की। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

 पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, एसपी से गुहार

पीडि़ता का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और पहले भी उनके खिलाफ रिपोर्ट दी गई थी, लेकिन रसूख के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी ढिलाई के कारण उनके हौसले बुलंद हैं। वर्तमान में घायल मदन लाल अस्पताल में उपचाररत है। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Similar News

गंगापुर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई :: अल्टो कार से 41 किलो डोडा-चूरा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

बागुदार के दो मंदिरों में चोरी का खुलासा: भगवान के दर पर हाथ साफ करने वाला शातिर गिरफ्तार