बागुदार के दो मंदिरों में चोरी का खुलासा: भगवान के दर पर हाथ साफ करने वाला शातिर गिरफ्तार

Update: 2026-03-20 10:36 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। पारोली थाना पुलिस ने बागुदार गांव में एक ही दिन में दो मंदिरों को निशाना बनाने वाले शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपित अब सलाखों के पीछे है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

दोपहर के सन्नाटे में दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की है, जब गांव में सन्नाटा था। चोर ने बागुदार के चारभुजा नाथ मंदिर के ताले तोडक़र वहां से चांदी के छत्र, दो चांदी की गाय और एक आरती चुरा ली। इसी के साथ चोर ने पास ही स्थित चारण माता मंदिर को भी नहीं बख्शा और वहां से भी दो चांदी के छत्र पार कर लिए। मंदिर के पुजारी जब वहां पहुंचे, तब चोरी का पता चला और हडक़ंप मच गया।

सीसीटीवी ने खोला राज, बड़लियास से हुई गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पारोली थाना पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गांव और मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, जिसमें संदिग्ध की पहचान हुई। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक मुंशी खां ने बताया कि पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए वारदात में लिप्त आरोपित अशोक (55) पुत्र भूरालाल सोनी, निवासी बड़लियास को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी के प्रयास में जुटी पुलिस

जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपित अशोक को न्यायाधीश के सामने पेश कर दो दिन रिमांड पर लिया है। पुलिस अब आरोपित अशोक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि चोरी किया गया सामान बरामद किया जा सके। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या वह जिले के अन्य मंदिरों में हुई चोरियों में भी शामिल रहा है। पुलिस की इस तत्परता की ग्रामीण सराहना कर रहे हैं।

Similar News