गंगा में बिरयानी पार्टी का विरोध करने पर भाजपा नेता को 'इंटरनेशनल' धमकी: वाराणसी में हड़कंप, सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज

Update: 2026-03-20 09:29 GMT

 वाराणसी। धर्म नगरी काशी में गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ का विरोध करना भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल को भारी पड़ गया है। नाव पर इफ्तार पार्टी करने और नॉनवेज के अवशेष गंगा में फेंकने वाले 14 मुस्लिम युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाले रजत को अब अंतरराष्ट्रीय नंबरों और ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।

ईमेल और सोशल मीडिया पर 'खूनी' संदेश

बीते दिनों रमजान के दौरान गंगा नदी के बीचों-बीच चिकन बिरयानी पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद रजत जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। रजत ने बताया कि उन्हें विदेशी नंबरों से कॉल आ रहे हैं और ईमेल पर भी खौफनाक धमकियां भेजी गई हैं। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी उन्हें और उनके परिवार को खत्म करने की बात कही जा रही है।

अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में घर, सुरक्षा की गुहार

रजत जायसवाल ने सिगरा थाने में मामला दर्ज कराते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिगरा थाना क्षेत्र में जिस जगह उनका निवास है, वह मुस्लिम बाहुल्य इलाका है। ऐसे में उन्हें डर है कि उन पर कभी भी घातक हमला हो सकता है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और रजत के घर के आसपास सतर्कता बढ़ा दी है।

क्या था पूरा विवाद?

गौरतलब है कि 16 मार्च को रजत की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की थी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कुछ युवक नाव पर इफ्तार पार्टी कर रहे थे और मांस की हड्डियां व अवशेष पवित्र गंगा नदी में फेंक रहे थे। रजत का तर्क था कि इससे सनातन धर्म की अस्मिता और गंगा की शुचिता को ठेस पहुंची है। पुलिस ने इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था, जिसके बाद से ही धमकियों का सिलसिला शुरू हुआ है।

Similar News

बागुदार के दो मंदिरों में चोरी का खुलासा: भगवान के दर पर हाथ साफ करने वाला शातिर गिरफ्तार