ट्रक ने कुचली मासूम की जिंदगी-कलश यात्रा से लौट रहे परिवार को मारी टक्कर, 4 वर्षीय कार्तिक की मौत
भीलवाड़ा। जिले के पुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। हमीरगढ़ से रामदेव मंदिर की कलश यात्रा में शामिल होकर लौट रहे एक परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 4 वर्षीय मासूम बालक की जान चली गई।
कलश यात्रा से घर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंभुगढ़ थाने के बरसनी निवासी माधुलाल रेगर (24) पुत्र लादूलाल ने रिपोर्ट दी कि वह अपने भाई महावीर रैगर पत्नी इंद्रा देवी और 4 वर्षीय भतीजे कार्तिक पुत्र महावीर रेगर के साथ बाइक पर सवार होकर हमीरगढ़ गए थे। वहां रामदेव मंदिर में कलश यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस अपने गांव बरसनी लौट रहे थे।
तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
दोपहर करीब 3:00 बजे जब वे पालना देवनारायण मंदिर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गिर पड़े और मासूम कार्तिक को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम, मोर्चरी में रखवाया शव
हादसे के तुरंत बाद परिजन और राहगीर घायल बालक को लेकर महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों ने पुर थाना पुलिस को ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
