खेल मैदान में लाश दफनाने की सूचना से मचा हडक़ंप,बीलिया का मामला

By :  prem kumar
Update: 2024-10-09 09:14 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। आधी रात को जेसीबी से गड्ढा खोदकर खेल मैदान में शव दफनाने की सूचना से लोगों में हडक़ंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की तो पता चला कि गड्ढे में शव तो दफनाया गया, लेकिन यह शव किसी इंसान का नहीं, बल्कि गाय के बछड़े का था, जो सडक़ किनारे बने गड्ढे में गिरने से जान गंवा बैठा था। इस खुलासे के बाद ही आमजन के साथ ही पुलिस ने राहत की सांस ली।

हुआ यूं कि बीलिया गांव में खेल मैदान है। उसके पास ही एक फैक्ट्री स्थित है। आधी रात को एक श्रमिक किसी काम से फैक्ट्री की छत पर गया तो उसे कुछ लोग खेल मैदान में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर उसमें कुछ दफनाते हुये नजर आये। यह देखकर उसने किसी परिचित को फोन किया। इसके बाद यह खबर आग की तरह बीलिया में फैल गई। लोग मौके पर जुट गये। जहां एक गड्ढा खोदने के बाद पुन: भरने के निशान थे। वहीं इस गड्ढे पर फूल भी चढ़ा रखे थे और आस-पास नमक की कई खाली थैलियां भी पड़ी थी। इसके चलते लोगों ने प्रताप नगर पुलिस को सूचना दी। एएसआई चिराग खां कायमखानी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और मौका देखा। गड्ढे में क्या है, यह देखने के लिए गड्ढे को पुन: खुदवाने का निर्णय लेते हुये ग्रामीणों के जरिये जेसीबी चालक को फोन किया तो चालक ने बताया कि उसने ही रात में यह गड्ढा खोदा था। चालक ने बताया कि हाइवे किनारे हीरो शोरूम के पास एक बड़ा गड्डा बना हुआ है, जिसमें बीती रात एक गाय व बछड़ा गिर गये थे। इस घटना में बछड़े की मौत हो गई। गाय को लोगों ने बाहर निकाल लिया। इसके बाद लोगों ने बछड़े को जेसीबी पर रखवा दिया और खेल मैदान तक ले गये। जहां बछड़े के शव को गड्ढा खोदकर उसमें दफन कर दिया, ताकि जानवर बछड़े के शव को नौंचें नहीं। इस घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी लोगों ने पुलिस के समक्ष पेश की। इसके बाद ही पुलिस और आमजन ने राहत की सांस ली। 

Similar News