कुत्तों की आड़ में तस्करी-: एक क्विंटल डोडा-पोस्त और भारी मात्रा में स्मैक बरामद, 6 तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा बीएचएन।ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन वज्र प्रहार' के तहत ब्यावर पुलिस ने गुरुवार को दो बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम दिया है। पुलिस ने नाकाबंदी तोडक़र भाग रहे तस्करों को फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा और उनके कब्जे से एक क्विंटल डोडा-पोस्त और 40 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और थार गाड़ी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
1.कुत्तों की आड़ में तस्करी, पीछा कर पकड़ी स्कॉर्पियो और थार
बार थानाधिकारी संजीदा बानो को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो और थार गाडिय़ों में नशे की खेप ले जाई जा रही है। पुलिस ने जब नाकाबंदी की तो तस्करों ने बैरिकेड्स तोडक़र भागने का प्रयास किया। तस्करों ने पुलिस को डराने और भ्रमित करने के लिए गाडिय़ों में 5 गोल्डन रिट्रीवर नस्ल के कुत्ते भी रखे हुए थे।
बार, जवाजा और साकेत नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पीछा कर सदा भोज का बाडिया गांव के पास घेराबंदी की। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 6 कट्टों में भरा 100 किलो (एक क्विंटल) डोडा-पोस्त बरामद हुआ, जबकि थार गाड़ी एस्कॉर्ट कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में नीमच (मप्र) निवासी श्यामबाई सौधिया (40) पत्नी भगतसिंह, उसके पुत्र कुलदीपसिंह सौधिया (18) और पांडव नगर, नई दिल्ली निवासी शंशाक (23) पुत्र अशोक कुमार मौर्य को गिरफ्तार किया है।
ये थे टीम में शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में श्रीमती संजीदा बानो थानाधिकारी, बार के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल लोकेश कुमार, कांस्टेबल राजेश (विशेष योगदान), राजुराम (विशेष योगदान), बीरबल, बलदेव, सुखदेव, रामप्रसाद, जवाजा थाने के सउनि जगवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विजय और हेमन्त ने अंजाम दिया।
2.ब्यावर सिटी में स्मैक माफिया पर प्रहार
ब्यावर सिटी थानाधिकारी आशुतोष पांडे की टीम ने छावनी क्षेत्र की एक कॉलोनी में दबिश देकर स्मैक की अब तक की सबसे बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने 40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ सांसी बस्ती निवासी श्रीमती मांगी (47) पत्नी श्याम कुमार सांसी, उसके पुत्र सुमित पोपावत (18) और राकेश (21) पुत्र श्याम कुमार सांसी को धरदबोचा। पुलिस ने इनके पास से 11 हजार रुपये की बिक्री राशि भी जब्त की है।
इस टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी आशुतोष पांडे के साथ सउनि शिवचरण, सउनि जगमोहन, हैड कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार, कांस्टेबल भगवान सिंह (विशेष योगदान), अशोक कुमार (विशेष योगदान), सोभाग, महिला कांस्टेबल सरिता और कांस्टेबल मनुपाल शामिल रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा और डिप्टी एसपी राजेश कसाना ने बताया कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अपील की है कि मादक पदार्थों की सूचना देने वालों का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
