कोविड-19 का नया खतरा: 23 देशों में फैला घातक वैरिएंट BA 3.2, अमेरिका के 25 राज्यों में अलर्ट

Update: 2026-03-26 13:29 GMT

 वॉशिंगटन । दुनिया अभी कोरोना के पुराने जख्मों से उबरी ही थी कि कोविड-19 के एक नए और संक्रामक वैरिएंट BA 3.2 ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका की संस्था 'सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन' (CDC) के अनुसार, यह नया वैरिएंट अब तक अमेरिका के 25 राज्यों और दुनिया के 23 देशों में अपने पैर पसार चुका है। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह ओमिक्रॉन परिवार का ही एक हिस्सा है, लेकिन इसके बदलते स्वरूप ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की नींद उड़ा दी है।

साउथ अफ्रीका से शुरू हुआ सफर:

सीडीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नए वैरिएंट का पहला मामला साल 2024 में दक्षिण अफ्रीका में दर्ज किया गया था। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे 'वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग' की सूची में रखा है। वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी चिंता इसके 'स्पाइक प्रोटीन' में हुए बदलावों को लेकर है, जो इसे पिछले वैरिएंट्स की तुलना में अधिक संक्रामक बना सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह नया रूप पुरानी इम्युनिटी और टीकों के असर को भी चकमा देने में सक्षम हो सकता है।

लक्षण और बचाव:

विशेषज्ञों के अनुसार, BA 3.2 के मुख्य लक्षणों में गले में खराश, हल्का बुखार, अत्यधिक थकान, शरीर में दर्द और बहती नाक शामिल है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक इसके पिछले ओमिक्रॉन वैरिएंट्स से अधिक गंभीर होने के ठोस सबूत नहीं मिले हैं।

सावधानी ही सुरक्षा:

वायरोलॉजिस्ट का कहना है कि इस नए खतरे से घबराने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है। बचाव के लिए वही पुराने नियम—हाइजीन मेंटेन करना, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सावधानी बरतना और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना—बेहद जरूरी हैं। स्वास्थ्य एजेंसियां लगातार इस पर शोध कर रही हैं ताकि भविष्य के किसी भी बड़े खतरे को टाला जा सके।

Similar News

एमजीएच में एम्बुलेंस चालकों की गुंडागर्दी-: मरीज के परिजनों को सरेआम पीटा, पुलिस को दी गालियां, दो आरोपित गिरफ्तार