रफ्तार का कहर -: भीलवाड़ा बाईपास पर डिवाइडर से टकराई पंजाब के तस्करों की कार, 202 किलो डोडा-चूरा बरामद
भीलवाड़ा BHN. भीलवाड़ा बाईपास पर बीती देर रात तेज रफ्तार का कहर नशा तस्करों के लिए काल बन गया। चित्तौड़गढ़ से अजमेर की ओर जा रही पंजाब के तस्करों की एक वर्ना कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग से जा टकराई। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सर्विस रोड पर जा गिरी। सूचना मिलते ही पुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर न केवल घायल तस्करों को दबोचा, बल्कि कार से भारी मात्रा में मादक पदार्थ भी बरामद किया।
हादसे ने खोल दी तस्करी की पोल:
पुर थाना पुलिस के अनुसार, देर रात बिजली ग्रिड के पास हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कन्हैयालाल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। वहां क्षतिग्रस्त वर्ना कार में दो युवक चोटिल हालत में फंसे मिले। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें 11 प्लास्टिक के कट्टे लदे हुए थे। इन कट्टों को खोलकर देखा गया तो उनमें 202 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा-चूरा भरा हुआ था।
पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार:
पकड़े गए तस्करों की पहचान पंजाब के संगरूर जिले के निवासी जसपाल सिंह और गुलजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एएसआई जमना लाल, कांस्टेबल विक्रम, महेंद्र और चालक मनोज की मुख्य भूमिका रही। मामले की अग्रिम जांच कारोई थाना प्रभारी को सौंपी गई है, जो अब इस बात का पता लगाएंगे कि नशे की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में कहां सप्लाई किया जाना था।