उदयपुर/ऋषभदेव। चोरी के माल की खरीद-फरोख्त के आरोप में पूछताछ के लिए पुलिस थाने लाए गए एक व्यक्ति की मौत से क्षेत्र में तनाव फैल गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने और अस्पताल के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा निवासी सुरेश पंचाल (50) को ऋषभदेव पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए सोमवार दोपहर को थाने लाई थी। पुलिस का दावा है कि शाम के समय सुरेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसे तुरंत ऋषभदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जैसे ही यह खबर परिजनों तक पहुंची, उन्होंने अस्पताल और थाने पर पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक के रिश्तेदारों और पंचाल समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्थिति को संभालने के लिए डिप्टी राजीव राहर, तहसीलदार विरेन्द्र सिंह राठौड़, और कल्याणपुर, खेरवाड़ा, पहाड़ा थानों से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया गया। रात तक समाजजन और अधिकारियों के बीच वार्ता चलती रही।
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग के साथ परिजन पोस्टमार्टम से पहले FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए हैं। उधर पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
