सब-इंस्पेक्टर की घर के बाहर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या

Update: 2025-11-15 12:01 GMT

हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार की उनके घर के बाहर ईंटों और लाठियों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ लोगों के एक समूह को उत्पात मचाने से रोकने की कोशिश की। लोगों ने उनपर डंडों से पीटा, ईंट और पत्थरों से कुचला। इसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई है। कुमार के परिवार में दो बेटियाँ और एक बेटा है।

घर के बाहर पीटा, ईंट और पत्थरों से कुचला

यह घटना  आधी रात के आसपास हुई, जब कुछ युवकों ने हिसार के शामलाल ढाणी स्थित कुमार के पड़ोस में हंगामा किया। शोर सुनकर कुमार अपने घर से बाहर आए और उनके द्वारा अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई। शुरुआत में तो वे लोग वहाँ से चले गए।

 मौके पर ही मौत

करीब एक घंटे बाद और लोगों के साथ वापस आ गए, जो कार और बाइक पर सवार होकर आए थे। रमेश कुमार के घर के सामने फिर से गाली-गलौज करने लगे। जब कुमार ने फिर से हस्तक्षेप किया, तो उन्होंने गालियां दीं और उन पर लाठियों और ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कार व बाइक  छोड़ गए हमलावर

शोर सुनकर कुमार का परिवार घर से बाहर निकला और मदद मांगी, लेकिन हमलावर अपनी कार और दो बाइक छोड़कर भाग चुके थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। 57 वर्षीय कुमार हिसार स्थित अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) कार्यालय में तैनात थे और अगले साल जनवरी में सेवानिवृत्त होने वाले थे।

Similar News

प्रतापगढ़: पुलिस का 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' सफल,: किराना दुकान की आड़ में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी, 5 करोड़ की एमडी बरामद