सगाई की खुशियां बनीं मातम, लाइट खराब होने पर दूल्हे ने इलेक्ट्रिशियन को मारी गोली

Update: 2026-02-14 13:15 GMT

 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के रणसीका गांव में सगाई समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां घर में शहनाइयां बजने की तैयारी थी, वहीं मामूली लाइट खराब होने पर दूल्हे ने इलेक्ट्रिशियन की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी 23 वर्षीय बरकत के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों का पिता था और टैंट हाउस में काम करता था।

लाइट खराब हुई, भड़का दूल्हा

नकारी के अनुसार रणसीका गांव में रामानंद के बेटे अमनदीप की सगाई का कार्यक्रम था। टैंट और लाइटिंग का काम विकास नामक संचालक ने लिया था। बरकत अपने साथियों मुस्तफा और यूसुफ के साथ लाइटिंग में जुटा था। रात करीब साढ़े नौ बजे एक एलईडी लाइट में खराबी आ गई। इसी बात पर दूल्हा अमनदीप अपने दोस्तों साहिल और हर्ष के साथ मौके पर पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि कुछ देर बाद दूल्हा और उसके साथी हथियार लेकर लौटे। जान बचाने के लिए बरकत और उसके साथी भागने लगे, तभी फायरिंग कर दी गई। बरकत को तीन गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बरकत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार अधिक खून बहने से उसकी मौत हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।बरकत परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूल्हा फरार

पुलिस अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने एक आरोपी हर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अमनदीप और उसका साथी साहिल फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।मृतक के ससुर की शिकायत पर दूल्हे समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।सगाई की खुशियों के बीच हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।

Similar News

राजसमंद में जाली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़:: दो आरोपी गिरफ्तार, ₹80,100 की नकली मुद्रा और प्रिंटर जब्त