भीलवाड़ा: जाट के मकान में लगी भीषण आग, कचोलिया की स्कूटी और लाखों की मोबाइल एसेसरीज जलकर राख
भीलवाड़ा संपत माली। शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में बीती रात एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में एक दोपहिया वाहन सहित करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की मोबाइल एसेसरीज जलकर खाक हो गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग दहशत के मारे बाहर निकल आए।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर में रामलाल जाट के मकान में नीरज कचोलिया किराए पर रहते हैं। उन्होंने मकान के एक हिस्से को गोदाम के रूप में इस्तेमाल कर रखा था। बताया जा रहा है कि बीती रात गोदाम में लगी पानी की मोटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें पूरे मकान में फैल गईं।
लाखों का नुकसान, स्कूटी भी स्वाहा
पीड़ित नीरज कचोलिया ने बताया कि इस आगजनी में वहां खड़ी उनकी स्कूटी पूरी तरह जल गई। इसके साथ ही गोदाम में रखी करीब ढाई लाख रुपये की मोबाइल एसेसरीज और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक रूप से भारी नुकसान हुआ है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
