खाद्य विभाग का एक्शन:: आसीन्द में 200 किलो दूषित मावा करवाया नष्ट, मिलावटखोरों में हड़कंप
भीलवाड़ा (बीएचएन)। होली के आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भीलवाड़ा जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को आसीन्द क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में टीम ने दो ठिकानों पर दबिश देकर दूषित मावा नष्ट करवाया और नमूने जांच के लिए भेजे।
बदबूदार मावे से सेहत बिगाड़ने की तैयारी, टीम ने फेरा पानी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले मैसर्स बालाजी डेयरी प्रोडक्ट (डोटा, आसीन्द) पर छापेमारी की। यहाँ निरीक्षण के दौरान टीम को लगभग 200 किलोग्राम ऐसा मावा मिला जिससे तेज बदबू आ रही थी और वह पूरी तरह दूषित हो चुका था। आमजन के स्वास्थ्य को खतरे में देखते हुए टीम ने इस मावे को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। यहाँ से मावे के नमूने भी लिए गए। इसी क्रम में मैसर्स बालाजी डेयरी (नारायणपुरा, आसीन्द) से भी मीठे मावे का नमूना लेकर जांच हेतु अजमेर प्रयोगशाला भिजवाया गया।
रिपोर्ट आने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं, जिन्हें रोकने के लिए विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव सहित राजवीर सिंह चारण, अंकित शर्मा और डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार मौजूद रहे।