10 हजार का इनामी तस्कर दिनेश जाट दबोचा:: गुलाबपुरा पुलिस की नाकाबंदी तोड़ शराब से भरी पिकअप भगाने का है मामला
भीलवाड़ा (बीएचएन)। अवैध मादक पदार्थों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुलाबपुरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर अवैध शराब से लदी पिकअप भगा ले जाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी तस्कर दिनेश जाट को गिरफ्तार कर लिया है।
नाकाबंदी तोड़कर फिल्मी स्टाइल में भगाई थी पिकअप
पुलिस के अनुसार, घटना 10 दिसंबर 2024 की है। मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे-48 पर पुलिस ने अवैध शराब की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया था। इसी दौरान अजमेर की ओर से आई एक पिकअप के चालक ने पुलिस को देख गाड़ी रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ दी और रफ्तार बढ़ाकर शाहपुरा की ओर भागने लगा। यू-टर्न लेने के प्रयास में गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे पिकअप का चैंबर टूट गया और गाड़ी वहीं फंस गई।
190 पेटी शराब के साथ साथी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
उस दौरान पुलिस ने मौके से पिकअप और उसमें लदी 190 पेटी देसी शराब जप्त की थी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी दीपचंद पुत्र रामनिवास जाखड़ को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन दिनेश जाट पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
डीडवाना-कुचामन का निवासी है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी दिनेश पुत्र पोखरमल जाट डीडवाना-कुचामन जिले के सांवतगढ़ (थाना मारोठ) का रहने वाला है। एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोचा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने पनाह दी और शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।