हादसों ने छीनी दो जिंदगी:: कीटनाशक के प्रभाव से किसान की मौत, सड़क दुर्घटना में घायल बुजुर्ग ने भी दम तोड़ा
भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में एक किसान और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। रायला क्षेत्र में जहां फसल पर दवा छिड़कते समय एक युवक काल का ग्रास बन गया, वहीं शाहपुरा में सड़क हादसे के घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
खेत में छिड़क रहा था कीटनाशक, श्वांस के जरिए शरीर में उतरी मौत
रायला थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि कुंडियाकलां निवासी भागचंद (35) पुत्र गोपी बैरवा अपने खेत पर फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। इस दौरान दवा से निकली जहरीली गैस श्वांस के जरिए उसके शरीर में प्रवेश कर गई, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में राजकीय अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मोपेड सवार बुजुर्ग को बाइक ने मारी थी टक्कर
दूसरी दुखद घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र की है। एएसआई पितांबर के अनुसार, ढाणी भावसागर निवासी मदन (62) पुत्र कल्याण धाकड़ बीती 20 फरवरी को मोपेड पर सवार होकर घर से शाहपुरा के लिए निकले थे। रास्ते में बाईपास पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मदन धाकड़ को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहाँ पांच दिन चले संघर्ष के बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खेती के दौरान जहरीली गैस से हुई मौत के मामले में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सावधानी बरतने और मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी है। वहीं, सड़क हादसे के मामले में फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।