बाइक चोरी का खुलासा-: दो युवक गिरफ्तार, रीको एरिया से चोरी की दो बाइक बरामद
भीलवाड़ा हलचल। शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
सहायक उप निरीक्षक आर.एल. तेली ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 24 फरवरी को रीको फोर्थ फेज से जितेंद्र सिंह नामक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई थी। पीडि़त की रिपोर्ट पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी और अंतत: मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुंदली निवासी अमृतलाल पुत्र महावीर वैष्णव और सुरास निवासी पवन पुत्र जगदीश वैष्णव के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जितेंद्र सिंह की बाइक चोरी करने के साथ-साथ रीको एरिया से ही एक और अन्य बाइक चुराना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अमृतलाल रीको क्षेत्र में ही मजदूरी का काम करता है, जिससे उसे क्षेत्र की गतिविधियों की पूरी जानकारी रहती थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।