जयपुर/भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में वित्त एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रदेशवासियों के लिए बड़ी घोषणाओं की झड़ी लगा दी। भीलवाड़ा जिले के लिए सबसे महत्वपूर्ण एलान करते हुए मुख्यमंत्री ने जहाजपुर का नाम बदलकर 'यज्ञपुर' करने की घोषणा की है। इसके साथ ही माउंट आबू को 'आबूराज' और कामां को 'कामवन' के नाम से जाना जाएगा।
युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सीएम ने सरकारी नौकरियों का पिटारा भी खोला। पूर्व में घोषित 1 लाख भर्तियों के कैलेंडर को संशोधित करते हुए अब इसे सवा लाख (1.25 लाख) कर दिया गया है। सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए पेंशन में 125 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब लाभार्थियों को 1425 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे।
प्रमुख घोषणाएं एक नजर में:
महंगाई भत्ता (DA): आगामी वित्तीय वर्ष से विधायकों के वेतन में भी राज्य कर्मचारियों की भांति समय-समय पर महंगाई भत्ते के अनुसार बढ़ोतरी की जाएगी। साथ ही विधायकों को मोबाइल टैबलेट भी दिए जाएंगे।
मानदेय में वृद्धि: पंचायतीराज संस्थाओं और नगरीय निकायों के अध्यक्षों व सदस्यों के मानदेय में अगले वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
विकास फंड: प्रदेश की पंचायतों और निकायों को विकास कार्यों के लिए 9200 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया जाएगा।
जयपुर को सौगात: राजधानी में ट्रैफिक जाम से मुक्ति के लिए द्रव्यवती नदी पर 36 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड की डीपीआर (DPR) तैयार करने का एलान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सदन में विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार 'संकल्प पत्र' के हर वादे को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
