रोडवेज बस बनी आग का गोला:: धू-धू कर जली बस, 70 यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान
जयपुर | राजधानी के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। रीको चौराहे के पास केकड़ी जा रही एक चलती रोडवेज बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि बस धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि समय रहते चालक की सतर्कता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया जा रहा है।
धुआं उठते ही ड्राइवर ने बरती मुस्तैदी, खिड़कियों से कूदे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रोडवेज बस सिंधी कैंप बस स्टैंड से दोपहर में केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही बस मानसरोवर के रीको चौराहे के पास पहुंची, इंजन से धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका। आग तेजी से फैलते देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अपनी जान बचाने के लिए कई यात्री बस की खिड़कियों से बाहर कूद पड़े।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, बस हुई खाक
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुकी थी। आग और धुएं के गुबार के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारू करवाया।
इंजन में शॉर्ट-सर्किट से भड़की चिंगारी
बताया जा रहा है कि बस के बिजली के तारों में शॉर्ट-सर्किट होने के कारण आग लगी, जो तेजी से इंजन और फिर पूरी बस में फैल गई। बस में सवार यात्रियों का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया, लेकिन किसी के हताहत न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। रोडवेज अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।