शोक की लहर:: टीम इंडिया के स्टार रिंकू सिंह के पिता का निधन, स्टेज-4 लिवर कैंसर से हार गए जिंदगी की जंग
अलीगढ़/ग्रेटर नोएडा | भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और 'फिनिशर' रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद सिंह (60) का शुक्रवार सुबह करीब 4:36 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अलीगढ़ से ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां वे वेंटिलेटर पर थे। शुक्रवार शाम अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
टी20 वर्ल्ड कप कैंप छोड़ अलीगढ़ रवाना हुए रिंकू
पिता के गंभीर स्वास्थ्य की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह चेन्नई में चल रहे टीम इंडिया के कैंप को छोड़ अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए। वे टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैचों के लिए टीम के साथ थे, लेकिन पिता की बिगड़ती हालत देख कुछ दिन पहले भी घर लौटे थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए वे उपलब्ध थे, लेकिन खेल नहीं पाए थे। अब पिता के साये के हमेशा के लिए उठ जाने पर वे गहरे सदमे में हैं और चेन्नई से सीधे पैतृक गांव पहुंच रहे हैं।
मंगेतर सांसद प्रिया सरोज दे रही हैं परिवार को ढांढस
रिंकू सिंह की मंगेतर और मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज पिछले कई दिनों से रिंकू के परिवार के साथ अस्पताल और घर पर मौजूद हैं। प्रिया के पिता तूफानी सरोज ने बताया कि वे खुद भी देर रात अस्पताल गए थे, लेकिन लौटते समय ही निधन की खबर मिल गई। रिंकू और प्रिया की शादी जून 2026 में होने वाली है, लेकिन खुशी के इस माहौल से पहले ही परिवार में मातम पसर गया है।
सिलेंडर ढोकर बेटे को बनाया स्टार, संघर्ष की कहानी का हुआ अंत
खानचंद सिंह के निधन पर क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और बीसीसीआई ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। खानचंद सिंह के संघर्ष की कहानी किसी मिसाल से कम नहीं है; उन्होंने गरीबी के बावजूद घर-घर गैस सिलेंडर ढोकर रिंकू को क्रिकेट के मैदान तक पहुंचाया। आज जब उनका बेटा दुनिया भर में नाम कमा रहा है, तब इस मजबूत स्तंभ का साथ छूट गया। अलीगढ़ के उनके पैतृक आवास पर अंतिम विदाई की तैयारियां की जा रही हैं।