खाटू के लक्खी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब: छप्पन भोग और सेवा के संगम से निहाल हो रहे श्याम भक्त

Update: 2026-02-27 08:02 GMT

खाटूश्यामजी (सीकर) । शीश के दानी बाबा श्याम के फाल्गुन लक्खी मेले में इन दिनों आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। देश-प्रदेश से आए लाखों श्याम प्रेमी न केवल बाबा के दर्शन कर रहे हैं, बल्कि मार्ग में लगे भव्य भंडारों में प्रसादी ग्रहण कर निहाल हो रहे हैं। रींगस से खाटूश्यामजी तक के मुख्य मार्ग पर सेवादारों ने पलक-पावड़े बिछा रखे हैं।

भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न ट्रस्टों द्वारा संचालित इन भंडारों में श्रद्धालुओं के लिए फाइव स्टार होटलों जैसी सुविधाएं जुटाई गई हैं। यहाँ केवल सादा भोजन ही नहीं, बल्कि दही-चाट, विभिन्न प्रकार के पकवान और मिठाई सहित 150 से ज्यादा व्यंजनों का भोग भक्तों को परोसा जा रहा है। हर दिन नई डिश तैयार कर श्याम प्रेमियों की सेवा की जा रही है। पैदल यात्रियों के लिए भोजन के साथ-साथ विश्राम और निशुल्क चिकित्सा शिविरों की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।

खाटू श्याम जी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बीते तीन दिनों से निरंतर भंडारा चला रहे श्याम प्रेमी रणजीत सिंह ने बताया कि लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। भक्त तृप्त होकर बाबा के जयकारों के साथ दरबार की ओर बढ़ रहे हैं। यह भंडारा केवल भोजन वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि भक्ति और निस्वार्थ सेवा का जीवंत उदाहरण बन गया है।

Tags:    

Similar News