खौफनाक हत्याकांड:: होटल मालिक ने प्रेमिका को मार चेहरे पर डाला तेजाब, 500 CCTV कैमरों ने खोला राज

Update: 2026-02-27 09:07 GMT

 मेरठ | उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक होटल मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी ही गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने मृतका के चेहरे को तेजाब से जला दिया और शव को हाईवे किनारे फेंक दिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और 500 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल ने आरोपियों के रचे जाल को ध्वस्त कर दिया और अब चारों सलाखों के पीछे हैं।

रुपयों के विवाद में ले ली जान

पुलिस जांच में सामने आया कि चंडीगढ़ की रहने वाली अर्चिता अरोड़ा दिल्ली के लोधी रोड इलाके में रह रही थी। उसकी पहचान मेरठ के न्यूदेवपुरी निवासी चंचल कुमार से थी, जो अपने दोस्त संदीप के साथ मिलकर परतापुर में 'होटल अविका' संचालित करता था। 16 फरवरी को चंचल ने अर्चिता को मेरठ बुलाया। 17 फरवरी की रात रुपयों के लेनदेन को लेकर अर्चिता का चंचल और संदीप से विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने अर्चिता के साथ मारपीट की। जब अर्चिता ने उन्हें जेल भिजवाने की धमकी दी, तो चंचल और संदीप ने कंबल से उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

चेहरा जलाकर 45 किमी दूर फेंकी लाश

हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने खौफनाक साजिश रची। उन्होंने होटल के कर्मचारी विवेक और गार्ड गुरमुख की मदद से शव को क्रेटा कार की डिग्गी में डाला। आरोपी करीब 45 किलोमीटर तक मेरठ की सड़कों पर लाश लेकर घूमते रहे और अंत में मवाना खुर्द चौकी के पास बिजनौर हाईवे पर एक खेत में शव फेंक दिया। मृतका की पहचान छिपाने के लिए उन्होंने होटल में इस्तेमाल होने वाले फ्लोर क्लीनर (तेजाब) से अर्चिता का चेहरा पूरी तरह जला दिया। 21 फरवरी को पुलिस को शव मिलने के बाद इस मिस्ट्री से पर्दा उठना शुरू हुआ।

500 CCTV कैमरों की फुटेज से खुले राज

एसपी देहात अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने टोल प्लाजा और हाईवे के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में एक संदिग्ध सफेद क्रेटा कार नजर आई, जो देर रात उस इलाके में देखी गई थी। कार के सुराग मिलते ही पुलिस चंचल और उसके साथियों तक पहुंच गई। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से होटल के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए थे, जिसे रिकवर करने के लिए पुलिस ने डीवीआर फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त केमिकल की बोतल और कार भी बरामद कर ली है।

Similar News