तीन मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, मावा के नमूने लिए, चेतावनी- रिपोर्ट गड़बड़ आई तो सीधे मुकदमा

Update: 2026-03-01 15:01 GMT

भीलवाड़ा,। जिला प्रशासन ने त्योहारी सीजन में आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ दिया है। जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को शहर में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और संदिग्ध मावा के नमूने जब्त कर प्रयोगशाला भिजवा दिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम सबसे पहले चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित मेसर्स श्रीराम डेयरी पहुंची। यहां मावा के स्टॉक की जांच कर नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने भदाली खेड़ा चौराहा स्थित मेसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार और सुभाष नगर स्थित मेसर्स लवकुश मिष्ठान भंडार पर जांच की। कार्रवाई के दौरान दुकानों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और आसपास के व्यापारियों में भी हलचल मच गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी संजीव कुमार शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि “त्योहारों पर मिलावट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच रिपोर्ट में जरा भी गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

अधिकारियों ने मौके पर ही स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की तथा संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने साफ किया है कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मावा सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की नियमित सैंपलिंग की जाएगी।

प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री बिकती दिखे तो तुरंत विभाग के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर सूचना दें।


Similar News