रीट भर्ती में 'फर्जीवाड़े की फैक्ट्री' का भंडाफोड़: SOG का बड़ा प्रहार, मास्टरमाइंड PTI सहित 3 को दबोचा
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)।: राजस्थान में सरकारी नौकरी की पवित्रता को कलंकित करने वाले जालसाजों पर एसओजी (SOG) ने अब तक का सबसे बड़ा हंटर चलाया है। रीट काउंसलिंग 2022–23 के दौरान शारीरिक शिक्षक (PTI) की फर्जी मार्कशीट के जरिए सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
फर्जीवाड़े का 'किंगपिन' और उसके मददगार गिरफ्तार
एसओजी की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में जामोली निवासी ज्योतिराज सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही, पंडेर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत पीटीआई योगेंद्र सिंह शेखावत और सवाई माधोपुर निवासी ममता योगी को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, ममता योगी के पति भी पंडेर स्थित संस्कृत स्कूल में शिक्षक के पद पर तैनात हैं, जिससे इस मामले के तार शिक्षा विभाग के भीतर तक जुड़े होने की आशंका गहरा गई है।
काउंसलिंग की 'आंच' में जल गए फर्जी डिग्री के अरमान
यह पूरा मामला रीट परीक्षा 2022–23 के दस्तावेज सत्यापन के दौरान सामने आया। शातिर आरोपियों ने सोचा था कि वे फर्जी सर्टिफिकेट के दम पर सरकारी कुर्सी हथिया लेंगे, लेकिन एसओजी की पैनी नजरों ने इन 'कागजी शेरों' की पोल खोल दी। जांच के दौरान जब इन मार्कशीटों का मिलान संबंधित संस्थानों से किया गया, तो वे पूरी तरह फर्जी पाई गईं, जिसके तुरंत बाद एसओजी ने शिकंजा कस दिया।
युवाओं के भविष्य के साथ किया जा रहा था खिलवाड़
पंडेर थानाधिकारी कमलेश मीणा के अनुसार, आरोपी योगेंद्र इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य सूत्रधार है। वह न केवल फर्जी मार्कशीट तैयार करवाता था, बल्कि उन्हें जरूरतमंद अभ्यर्थियों को मोटी रकम में उपलब्ध कराने का धंधा भी कर रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह लंबे समय से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा था।
अब 'मुन्नाभाइयों' की खैर नहीं, SOG खंगालेगी पूरी कुंडली
फिलहाल एसओजी की टीम ने किया गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां बेचकर सिस्टम में घुसाया है? पुलिस को अंदेशा है कि इस रैकेट में कुछ और सफेदपोश और बाहरी राज्यों की यूनिवर्सिटीज के एजेंट भी शामिल हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़ी गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।
