5 साल पुरानी चोरी का ईनामी बदमाश दबोचा:: 5 हजार का ईनामी भगनिया बागरिया गिरफ्तार, आरके कॉलोनी में की थी लाखों की सेंधमारी

Update: 2026-03-23 09:44 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर की पॉश कॉलोनी आरके कॉलोनी में पांच साल पहले हुई एक बड़ी चोरी के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को सुभाषनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था, जिसे अब विशेष टीम ने धर दबोचा है।

आरके कॉलोनी में हुई थी लाखों की चोरी

मामला वर्ष 2021 का है, जब आरके कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश नौलखा के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। शातिर चोर मकान से एक लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया था, लेकिन मुख्य कड़ी के रूप में भगनिया और एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

एसपी ने घोषित किया था 5 हजार का ईनाम

फरार चल रहे आरोपी भगनिया (22) पुत्र स्व. रतन बागरिया, निवासी गिनाईडा (भिनाय, अजमेर) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। पुलिस की विशेष टीम लगातार इसके ठिकानों पर नजर रख रही थी। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

रिमांड पर आरोपी, एक और साथी की तलाश जारी

जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी भगनिया को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे चोरी किए गए माल की बरामदगी और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस को इस मामले में अभी एक और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश है, जिसके लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Similar News

अवैध गार्नेट खनन पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक;: 5 ट्रैक्टर, जेसीबी और 4 सेपरेटर मशीनें जब्त

वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी:: दो युवतियां गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद