सांवरिया हनुमान मंदिर को बचाने के लिए हुंकार: तीसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन, बंद रहे कारोई के बाजार

Update: 2026-03-23 08:10 GMT

 भीलवाड़ा हलचल । जिले के कारोई कस्बे के आराध्य देव श्री सांवरिया हनुमान मंदिर के अस्तित्व पर मंडराते संकट और प्रशासन की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में सोमवार को संपूर्ण कारोई कस्बा बंद रहा। पिछले तीन दिनों से चल रहे इस जनांदोलन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया, जब हजारों की संख्या में ग्रामीणों और भक्तजनों ने एकजुट होकर नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि मंदिर की एक ईंट भी छुई गई, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।

आस्था का केंद्र- 64 टन वजनी लेटी हुई हनुमान प्रतिमा

ज्ञापन में बताया गया कि कई वर्षों पूर्व हजारों साधु-संतों के सानिध्य में यहाँ 28 फीट लंबी और 64 टन वजनी हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। यह प्रदेश की पहली और देश की दूसरी सबसे बड़ी लेटी हुई हनुमान प्रतिमा है। ग्रामीणों ने करोड़ों रुपये जनसहयोग से जुटाकर इसे एक भव्य धाम के रूप में विकसित किया है, जो आज हजारों हिंदुओं की अटूट आस्था का केंद्र है।

प्रशासन पर दबाव और ग्रामीणों का आक्रोश

मंदिर चारागाह भूमि पर स्थित होने के कारण कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा कानूनी पेचीदगियों का सहारा लेकर इसे तुड़वाने के लिए प्रशासन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी का व्यक्तिगत कब्जा नहीं, बल्कि पूरे गांव का धार्मिक स्थल है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे इस भूमि को चारागाह से मंदिर के नाम आवंटित करवाने के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाएं अपनाने को तैयार हैं।

मंदिर टूटा तो होगा उग्र आंदोलन

सोमवार को बाजार पूरी तरह बंद रखकर ग्रामीणों ने अपनी एकता का परिचय दिया। नायब तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने मंदिर या उसके निर्माण को ढहाने की कोई भी कोशिश की, तो आसपास के हजारों रामेश्वर भक्त और ग्रामीण सडक़ों पर उतरेंगे। इस दौरान होने वाले किसी भी विवाद या कानून व्यवस्था की स्थिति की जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में पूर्व सरपंच नटराज सिंह के साथ बलवंत सिंह, रामेश्वर सुखवाल, वीरेंद्र सिंह, कन्हैयालाल, जगदीश, रामधन, भंवर कांत, पुष्पेंद्र, मोहन लाल, जयकिशन, दिनेश कुमावत, बालू, मुकेश, बंशीलाल, राजूलाल, उदयराम, नारायण, रामलाल, कन्हैयालाल, देबीलाल, भैंरूलाल, सुरेश, कमलेश,मनोहर सोनी, सुनील, सोनू कुमावत, संपतलाल, जमनालाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। 

Similar News

अवैध गार्नेट खनन पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक;: 5 ट्रैक्टर, जेसीबी और 4 सेपरेटर मशीनें जब्त

वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी:: दो युवतियां गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद