अवैध गार्नेट खनन पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक;: 5 ट्रैक्टर, जेसीबी और 4 सेपरेटर मशीनें जब्त
भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल )। जिले में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशन में एक बार फिर हंटर चला है। जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने सदर थाना क्षेत्र के साकरिया खेड़ा में दबिश देकर अवैध गार्नेट खनन के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस अचानक और आक्रामक कार्रवाई से भू-माफियाओं में हडक़ंप मच गया और वे मौके से भाग छूटे।
एसपी के रडार पर खनन माफिया, पुलिस ने की घेराबंदी
जिले में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जिला विशेष टीम को गोपनीय मिशन पर लगाया था। सटीक सूचना मिलते ही टीम ने साकरिया खेड़ा के चारागाह और सरकारी भूमि पर चल रहे अवैध गार्नेट खनन स्थल की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर माफियाओं के गुर्गों में अफरा-तफरी मच गई।
मशीनरी और वाहन बरामद
मौके पर चल रहे अवैध कारोबार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने वहां से भारी-भरकम मशीनरी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान 1 जेसीबी मशीन, 5 ट्रैक्टर-ट्रॉली और गार्नेट की छनाई में प्रयुक्त होने वाली 4 बड़ी सेपरेटर मशीनें जब्त की गई हैं। पुलिस ने मौके से मिले अवैध गार्नेट के स्टॉक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
अवैध खनन बर्दाश्त नहीं
सदर थाना पुलिस ने जब्त वाहनों और मशीनों को थाने में खड़ा करवाया है। इस कार्रवाई से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कहीं भी अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस काले कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।