खौफनाक: अवैध संबंधों में बाधक बने पति की गला घोंटकर हत्या, पत्नी ने प्रेमी शिक्षक के साथ मिलकर रची साजिश

Update: 2026-03-23 07:10 GMT

 बालोतरा । राजस्थान के बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मलवा गोयलान निवासी 21 वर्षीय महेंद्र कुमार की उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और पत्नी की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।

शादी से खुश नहीं थी पत्नी, शिक्षक से था प्रेम प्रसंग

जानकारी के अनुसार, मृतक महेंद्र कुमार की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व बागुंडी निवासी अनु देवी के साथ हुई थी। अनु इस शादी से खुश नहीं थी और लंबे समय से अपने पीहर में रह रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क तिलवाड़ा निवासी शिक्षक अमराराम से हुआ, जो वर्तमान में चिड़िया क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत है। दोनों के बीच अवैध संबंध विकसित हो गए और उन्होंने महेंद्र को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

ससुराल लौटते ही रची मौत की साजिश

करीब एक सप्ताह पहले ही सामाजिक समझाइश के बाद अनु देवी अपने ससुराल लौटी थी। शुक्रवार रात जब महेंद्र खाना खाकर अपने कमरे में सो गया, तब अनु ने फोन कर अपने प्रेमी अमराराम को घर बुलाया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सोते हुए महेंद्र का गला घोंट दिया। सुबह जब मां अपने बेटे को जगाने गई, तो वह चारपाई पर अचेत मिला। शरीर ठंडा पड़ने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा आरोपी शिक्षक

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरना दिया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिड़ा थानाधिकारी दलपत सिंह ने शिक्षक अमराराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शिक्षक और मृतक की पत्नी ने मिलकर हत्या की बात स्वीकार की है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Similar News

अवैध गार्नेट खनन पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक;: 5 ट्रैक्टर, जेसीबी और 4 सेपरेटर मशीनें जब्त

वंदे भारत एक्सप्रेस में गांजा तस्करी:: दो युवतियां गिरफ्तार, 12 लाख का माल बरामद