उदयपुर कोर्ट परिसर में बम की धमकी से मचा हड़कंप, खाली कराया गया परिसर

Update: 2026-03-30 08:20 GMT

उदयपुर। शहर के जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब भरे कार्य समय के दौरान अचानक पूरी अदालत को खाली करने के आदेश जारी कर दिए गए। सोमवार होने के कारण कोर्ट में वकीलों और पक्षकारों की भारी भीड़ मौजूद थी, जो अचानक हुई इस कार्रवाई से अचंभित रह गए।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे न्यायालय प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए वकीलों व आमजन को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कोर्ट रूम से लेकर बरामदों तक सन्नाटा पसर गया।

चप्पे-चप्पे की हो रही है तलाशी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भारी जाब्ते और कमांडो टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) और एटीएस (ATS) की टीम ने पूरे परिसर को अपने घेरे में ले लिया है। पुलिस द्वारा कोर्ट के कमरों, कैंटीन, पार्किंग एरिया और हर संदिग्ध कोने की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।

Similar News