पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर दागा रॉकेट, मचा हाहाकार

Update: 2026-03-30 10:51 GMT

नई द‍िल्‍ली। अमेरिका और इज़रायल का ईरान के साथ संघर्ष चरम पर पहुँचने के बीच अब पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी जंग जैसे हालात बन गए हैं। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान की सीमा में घुसकर कुनार प्रांत के असदाबाद इलाके को निशाना बनाया। इस अचानक हुए रॉकेट हमले से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और नागरिक बस्तियों में भारी नुकसान की खबरें हैं।

रिहायशी इलाकों में गिरे रॉकेट, मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से दागे गए रॉकेट सीधे असदाबाद के रिहायशी घरों पर जाकर गिरे। हमले के वक्त लोग अपने घरों में थे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके इतने जोरदार थे कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

एक की मौत, कई बच्चे भी घायलों में शामिल

इस हमले में अब तक 1 व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में बच्चों की संख्या अधिक बताई जा रही है, जो इस रॉकेट हमले की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

Tags:    

Similar News