विवाहिता ने फांसी लगाकर की जीवनलीला समाप्त, पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

Update: 2026-03-30 08:36 GMT

भीलवाड़ा। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शिवनगर निवासी कोमल माली (22) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता महावीर माली ने गांधीनगर थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार सुबह वह काम के सिलसिले में नाथद्वारा गए थे। बेटा पिंटू दुकान पर और पत्नी देव बाई मंडी गई हुई थी। पीछे घर पर कोमल अकेली थी। दोपहर में जब बेटा घर लौटा तो कोमल पंखे के कड़े से प्लास्टिक की रस्सी के फंदे पर झूलती मिली। उसे तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप:

पिता महावीर माली ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि कोमल की शादी वर्ष 2024 में सुभाष नगर निवासी विशाल उर्फ शिव प्रकाश माली के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विशाल, ससुर नारायण माली, सास रेखा देवी, ननद नंदिनी, देवर विष्णु और रिश्तेदार भेरू माली कोमल के साथ मारपीट करते थे और उसे दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार, 5 दिन पहले ही ससुराल वालों ने कोमल को जबरन घर से निकाल दिया था, जिससे वह काफी परेशान थी। पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Similar News