नागौर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी: मची अफरा-तफरी, खाली कराया गया परिसर
नागौर। राजस्थान के नागौर जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला कलेक्टर की ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस फॉरवर्डेड मेल में नागौर कोर्ट को बम से उड़ाने की खौफनाक चेतावनी दी गई थी।
धमकी भरे मेल में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि सुबह 11:00 बजे के बाद न्यायालय परिसर में बम धमाका किया जाएगा। जैसे ही इस मेल की सूचना प्रशासन को मिली, पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से आनन-फानन में पूरे न्यायालय परिसर को खाली करवा लिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस का भारी जाप्ता मौके पर पहुँच गया। फिलहाल ट्रेनिंग आईपीएस अदिति के नेतृत्व में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर कोर्ट के मुख्य द्वार और आसपास के रास्तों को सील कर दिया गया है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह मेल कहां से आया और इसके पीछे किसका हाथ है। फिलहाल न्यायालय की कार्यवाही पूरी तरह से रोक दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।